मिट्ठापुर सड़क का निर्माण न होने पर मंगलवार को गोल मार्केट शॉप कीपर वेलफेयर एसोसिएशन समेत क्षेत्र की अन्य हाउसिंग एवं वेलफेयर सोसाइटियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसका नेतृत्व कांग्रेस पार्टी के इलाका पार्षद बलराज ठाकुर ने किया।
धरनाकारियों ने कुछ देर के लिए यातायात जाम भी किया। पार्षद बलराज और गोल मार्केट शॉपकीपर वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मिट्ठापुर रोड को जल्द न बनाया गया तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
बलराज ठाकुर ने कहा के मिट्ठापर सड़क की हालत काफी खस्ता है। सड़क पर पड़े गड्ढों ने लोगों को परेशान कर रखा है। यह रास्ता आसपास की करीब 20 कॉलोनियों के साथ मिट्ठापुर गांव का मुख्य मार्ग है। दिन रात इस सड़क पर लोगों को आना जाना हैं। फिर भी निगम प्रशासन की ओर से सड़क का निर्माण नहीं करवाया जा रहा हैं।
उन्होंने कहा कि काफी इंतजार के बाद इस सड़क का 1 मई को मेयर सुनील ज्योति और जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह ने उद्घाटन किया था, लेकिन चार माह बीत जाने पर भी निर्माण शुरू नहीं हुआ। बलराज ठाकुर इस क्षेत्र से लगातार पार्षद बनते आ रहे हैं। इसलिए ऐसा माना जा रहा है कि इस वजह से अकाली-भाजपा गठबंधन इस वार्ड का विकास नहीं करवा रहा।
इस दौरान जालंधर कैंट के पूर्व विधायक जगबीर सिंह बराड़, कांग्रेस नेता मनोज अरोड़ा, बंटी बाजवा, महिंदरपाल सिंह समेत दादा नगर, गुरु नगर, चीमा नगर, शिव विहार रेजीडेंट्स, गुरमीत नगर, बैंक कॉलोनी इत्यादि क्षेत्रों की सोसाइटियों के सदस्य मौजूद थे।