पठानकोट। सरकारी राशन नहीं होने से नाराज गांव चकराल के लोगों ने रविवार को रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने सरपंच की अगुवाई में खाद्य आपूर्ति विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही तत्काल राशन देने की मांग उठाई।
सरपंच मदन लाल, कृष्णा देवी और शांति देवी समेत अन्यों ने बताया कि गांव में अधिकांश लोग गरीबी रेखा से नीचे की श्रेणी में आते हैं। अधिकतर परिवार आटा-दाल स्कीम पर निर्भर हैं।
लोगों ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारी और डिपो होल्डर ने गांव चकराल के लोगों को दिसंबर में सरकारी अनाज की पर्ची थमा दी थी।
तीन महीने गुजर जाने के बाद भी लोगों को सरकार की ओर से मिलने वाला मुफ्त अनाज नहीं मिल सका। इस बाबत सरपंच ने कई बार फूड इंस्पेक्टर के समक्ष गुहार लगाई। हर बार आश्वासन दिया जा रहा है।
सरपंच मदन लाल ने बताया कि गांव में कुल 80 परिवार नीले कार्ड धारक हैं। विभाग के कुछ अधिकारियों की वजह से लोगों तक यह सुविधा नहीं पहुंच रही। उन्होंने प्रशासन से मांग करते कहा कि लोगों को उक्त अनाज दिया जाए। अन्यथा लोग उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
इस मौके पर शकुंतला देवी, राजकुमारी, बबली, कांता देवी, सोना देवी, मोहन लाल, सृष्टा देवी, अनीता कुमारी, शशिबाला, नीलम कुमारी, नरेंद्र कुमार, रजनी बाला,मधु बाला, सुषमा देवी, मीरा देवी, संतोष कुमार, शोभा रानी, दर्शना देवी, आशा रानी,पम्मी, सुनील कुमार, जोगिंदर पाल, तरसेम लाल, प्रवीण कुमारी, किशन चंद, सीमा देवी, मनोहर लाल उपस्थित थे।