जालंधर। बिजली चोरी करने वालों पर शिकंजा कसते हुए पावरकॉम के इंफोर्समेंट विंग ने पिछले 15 दिनों में लगभग 8 लाख रुपये का जुर्माना वसूल किया है। विभाग की तरफ से अपनाई जा रही जीरो टॉलरेंस पालिसी के तहत बिना मंजूरी लोड बढ़ाने वालों पर भी विभाग का डंडा चला है। इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए इंफोर्समेंट ने 15 दिनों में बिजली चोरी और बिना बताए लोड बढ़ाने वाले उपभोक्ता पर कार्रवाई करते हुए उपभोक्ताओं पर 8 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया है।
विभाग की तरफ से इन 15 दिनों में चामियारा व गाजीपुर बस्तियात क्षेत्र में 200 कनेक्शन चेक करके 132 चोरी व अधिक लोड के कारण 3 लाख जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही इंद्रापुरम में 50 फ्लैट चेक किए गए, जिनमें 10 केस बिजली चोरी के निकले, जिन पर 75000 जुर्माना लगाया गया। छोटी बारादरी में जिम मालिक पर बिजली चोरी करने पर 1.75 लाख, रसूलपुर गांव में एक उपभोक्ता पर अधिक लोड पाए जाने पर 2.50 लाख का जुर्माना लगाया गया है। इस मामले में पावरकॉम के डिप्टी चीफ इंजीनियर हरजिंदर सिंह बांसल ने कहा कि बिजली चोरी करने वाले उपभोक्ता पर दबिश जारी है। इन 15 दिनों में बिजली चोरी के कई केस पकड़े गए हैं और लाखों रुपये का जुर्माना लगाने के साथ-साथ एफआईआर भी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरों पर दबिश आगे भी जारी रहेगी।