जालंधर। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा भूमिहीन किसानों और मजदूरों को 590 करोड़ रुपये की कर्जमाफी की घोषणा पर टिप्पणी करते हुए भाजपा के सीनियर नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उक्त घोषणा कैप्टन अमरिंदर के वर्ष 2017 के कांग्रेस चुनावी घोषणापत्र के 85 फीसदी को पूरा करने के दावे को गलत ठहराती है।
किसानों की कर्जमाफी भी उन 18 अधूरे चुनावी वादों में से एक है, जिन्हें कांग्रेस आलाकमान ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को तय समय में पूरा करने का निर्देश दिया था। कालिया ने कहा कि पंजाब सरकार के हर विभाग के कर्मचारी वेतनमान की मांगों को लेकर सड़क पर हैं और शिक्षित बेरोजगार नौकरी के लिए सड़क पर हैं। सरकारी कर्मचारियों और पढ़े-लिखे बेरोजगारों की मांग स्वीकार करने की बजाए, कप्तान सरकार लाठियां बरसा रही है। पंजाब में कांग्रेस की स्थिति एक ऐसे छात्र की है, जिसने पूरे साल पढ़ाई नहीं की है और आखिरी वक्त में पाठ्यक्रम को रटने की कोशिश कर रहा है और वह किसी काम नहीं आएगी।