पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने सतलुज दरिया के बीच बने सरकंडों के टापुओं पर दबिश देकर डेढ़ लाख लीटर कच्ची दारू पकड़ी है। यह दारू चुनाव में नशेड़ी वोटरों को परोसी जानी थी। पुलिस टीम को देख आरोपी दरिया में छलांग लगाकर भागने में कामयाब हो गए। एसएसपी नरेंद्र भार्गव ने बताया कि विधानसभा चुनाव में कच्ची दारू तैयार करने का कारोबार तेज हो जाता है। इसलिए ऐसे आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीमांत गांवों में सिविल वर्दी में पुलिस मुलाजिम तैनात किए गए हैं।
शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि सीमांत गांव अलीके के पास से बहते सतलुज दरिया में आरोपियों ने भारी मात्रा में कच्ची दारू तैयार कर तिरपालों में भरकर दरिया के पानी के नीचे छिपाकर रखी है। पुलिस और आबकारी टीम ने बताई हुई जगह पर दबिश देकर वहां से डेढ़ लाख लीटर कच्ची दारू पकड़ी है, जिसे वहीं पर नष्ट कर दिया है। पुलिस टीम को वहां से 24 तिरपालें और लोहे के ड्रम बरामद हुए हैं। एसएसपी ने कहा कि शहर में फ्लैग मार्च निकाला है, ताकि लोग भयभीत हुए बिना मतदान करें। किसी भी व्यक्ति को किसी से डरने की जरूरत नहीं है। चुनाव शांतिपूर्ण होंगे। सुरक्षा के पूरे बंदोबस्त किए गए हैं। शहर के होटलों व धर्मशालों की तलाशी ली जा रही है कि यहां पर कोई बाहरी व्यक्ति आकर न ठहरेे हों।