फगवाड़ा। मतदाता सूची में गड़बड़ी के चलते एसडीएम की शिकायत पर राज्य चुनाव आयोग ने फगवाड़ा नगर निगम चुनाव स्थगित करने की घोषणा की है। साथ ही नई मतदाता सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
मतदाता सूची में गड़बड़ी का मामला सभी विपक्षी दलो ने एसडीए मेजर अमित सरीन के समक्ष लिखित में उठाया था। एसडीएम सरीन ने मामले की जांच शुरू की तो उजागर हुआ कि उनके विभाग के इलेक्शन सेल में अस्थायी तौर पर तैनात पंजाब पावरकॉम के लेखाकार संदीप सिंह ने करीब तीन दिन उनकी आईडी का दुरुपयोग कर दावे व एतराज संबंधी 36 मामलों में हेरफेर करते हुए किसी को लाभ पहुंचाने के इरादे 800 वोटों को मनमर्जी से शिफ्ट कर दिया। मामला सामने आने पर उन्होंने सिटी पुलिस को शिकायत दी तथा पंजाब चुनाव आयोग को भी लिख कर भेज दिया।
सिटी पुलिस ने कथित आरोपी संदीप सिंह के खिलाफ भदंस की धारा 409/477/120 बी तथा भ्रष्टाचार उन्मूलन अधिनियम की धारा 13 (1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में संदीप सिंह को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस आरोपी से उगलवा नहीं सकी कि किसके कहने या किसे लाभ पहुंचाने के लिए उसने यह गड़बड़ी की।
डीएसपी परमजीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। विपक्ष का आरोप है कि मामले में बड़े नाम शामिल हो सकते हैं। हो सकता है कि सत्ता पक्ष के उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने के लिए ऐसा किया गया हो। एसडीएम की शिकायत पर चुनाव आयोग ने फगवाड़ा नगर निगम चुनाव स्थगित करते हुए मतदाता सूची फिर से तैयार करने के आदेश दिए हैं।