पठानकोट। जिला पुलिस के नारकोटिक्स, सीआईए और ड्रग इंस्पेक्टर ने गुप्त सूचना के आधार पर ढाकी रोड स्थित बजरी कंपनी में एक जिम ट्रेनर के घर पर छापा मारकर 600 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए हैं। जिम ट्रेनर घर में नहीं मिला। पुलिस ने इंजेक्शन कब्जे में लेकर जिम ट्रेनर की पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी रणजीत कुमार शहर के कई जिम में लोगों को ट्रेनिंग देता था और वेट लिफ्टिंग करने वाले युवाओं को इंजेक्शन बेचता था। पुलिस ने जिम ट्रेनर की पत्नी मनजीत को हिरासत में ले लिया है। डीएसपी रविंद्र रूबी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ढाकी रोड स्थित बजरी कंपनी का रहने वाला जिम ट्रेनर रणजीत प्रतिबंधित इंजेक्शन बेचता है। पुलिस की नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज विश्वनाथ, सीआईए इंचार्ज बलविंद्र कुमार और ड्रग इंस्पेक्टर बवलीन कौर को साथ लेकर ज्वाइंट छापे मारे जाएंगे। पुलिस ने जिम ट्रेनर के घर से 600 प्रतिबंधित इंजेक्शन बरामद किए। पुलिस ने जिम ट्रेनर की पत्नी मनजीत को पकड़ लिया है जबकि जिम ट्रेनर रणजीत कुमार फरार है।