संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे नशा विरोधी मुहिम के तहत मोगा पुलिस के हत्थे एक कुख्यात हेरोइन तस्कर चढ़ा है। पीसीआर इंचार्ज खेम चंद पराशर ने सूझबूझ दिखाते हुए तस्कर को गिरफ्तार किया। पराशर ने ई-रिक्शा चालक का वेश धारण कर इलाके में गश्त की और नशा तस्कर मीठी राम को पकड़ लिया। आरोपी सदावाली बस्ती का निवासी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मीठी राम पर 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह कई मामलों में फरार चल रहा था। हाल ही में उसके घर पर प्रशासन ने नशा विरोधी अभियान के तहत बुलडोजर चलाया था। पीसीआर इंचार्ज खेम चंद पराशर ने बताया कि सदावाली बस्ती जैसी संवेदनशील जगहों पर पुलिस को सिविल ड्रेस में ही निगरानी करनी पड़ती है। ऐसा इसलिए क्योंकि जैसे ही वर्दीधारी पुलिस वहां पहुंचती है, वहां पहले से तय कोड वर्ड के कारण अपराधियों को पता लग जाता है और वे भाग निकलते हैं। मोगा पुलिस लगातार कोशिश कर रही कि मोगा को नशा मुक्त बनाया जा सके।