एडीसी (जनरल) कुलजीत पाल सिंह माही ने पेरेंट्स एसोसिएशन के साथ बैठक कर उनकी मांगें सुनीं। प्राइवेट स्कूलों की ओर से की जा रही अभिभावकों की लूट के खिलाफ पेरेंट्स एसोसिएशन की ओर से बीते दिन लिटिल फ्लॉवर और सर्वहितकारी स्कूल के सामने रोष प्रदर्शन किया गया था।
इसके बाद एडीसी कुलजीतपाल सिंह माही ने अभिभावकों को बैठक के लिए बुलाया। इस दौरान अभिभावकों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने एक हफ्ते का भरोसा दिया था, लेकिन बीस दिन बीतने पर भी कार्रवाई नहीं की गई। दूसरी ओर प्राइवेट स्कूल वाले वार्षिक खर्च, पुस्तकें, वर्दियां, टूर प्रोग्राम के नाम पर लूट कर रहे हैं।
उप जिला शिक्षा अधिकारी जसपाल मोंगा ने बताया कि उनके पास 80 प्रतिशत स्कूलों का रिकॉर्ड पहुंच चुका है, जिनकी जांच की जा रही है। एडीसी ने विश्वास दिलाया कि स्कूलों की ओर से लिए गए अधिक रुपये आने वाले माह की फीस में एडजस्ट कर दी जाएंगी। एसोसिएशन के अशोक महेंद्र व पवन कुमार ने बताया कि मामले का हल होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
इस दौरान संगीता लूना, पूजा सेतिया, आशा, सुनीता रानी, त्रिपता रानी, डिंपल रानी, सुरेश बिट्टू, अमनदीप सिंह, संजीव कुमार, परमिंदर विज, विशाल कुमार, सिंकदर, अनिल राजौरिया, राजेश कुमार, संदीप कुमार, प्रिंस कुमार मौजूद थे।