पाकिस्तान की तीन टॉप यूनिवर्सिटी के शिक्षक पंजाब टेक्निकल यूनिवर्सिटी से
मानवता का पाठ पढ़कर पाक नागरिकों को मानवता की सीख दे रहे हैं। वहीं
यूनिवर्सिटी ऑफ सिंध के वीसी व रजिस्ट्रार मानवता का पाठ पढ़ने के लिए जल्द
ही पीटीयू आने वाले हैं। इन दिनों नेपाल की यूनिवर्सिटी के वीसी ह्यूमन
वैल्यू विषय पर जानकारी हासिल करने लिए पीटीयू आए हुए हैं।
पीटीयू ने अब
अपने अधीन सभी कॉलेजों में 2011 मेें ह्यूमन वैल्यू विषय को पक्के तौर पर
लागू किया था। इसमें अभी तक डेढ़ लाख बच्चे इस कोर्स को कर चुके हैं। इसका
प्रसार इस कदर तेजी से हुआ कि पाक तक जा पहुंचा। हाल ही में पाकिस्तान की
यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस लाहौर, यूनिवर्सिटी ऑफ एजुकेशन लाहौर, फैसलाबाद
की सरकारी यूनिवर्सिटी के वीसी, रजिस्ट्रार व डीन पीटीयू से ह्यूमन वैल्यू
एंड प्रोफेशनल एथेक्सि पर सर्टिफिकेट हासिल कर वापस पाक जाकर मानवता का
पाठ पढ़ाना शुरू कर दिया है। वहीं यूनिवर्सिटी ऑफ सिंध के वीसी, रजिस्ट्रार
व डीन ने भी पीटीयू से संपर्क कर इस विषय पर कोर्स करने के लिए बात की है।
नेपाल के अलावा भूटान के भी पांच लोग मानवता पर कोर्स करने के लिए पीटीयू
आने की तैयारी कर रहे हैं।
पीटीयू इस कोर्स को बीटेक, बी फार्मेसी,
बीसीए की पढ़ाई कर चुके विद्यार्थियों को करवाती है। पीटीयू अकादमिक डीन
डॉ. बूटा सिंह ने कहा कि इस कोर्स को करवाने का मकसद विद्यार्थियों में
पैसा कमाने के साथ मानवता की भावना पैदा करना है। उन्होंने कहा कि आज के
समय में मानव मशीन का रूप धारण करता जा रहा है। नौजवानों के दिल में मानवता
के प्रति आदर, मानवता की भावना बनी रही, इस कोर्स के जरिये बताया जाता है।
इस विषय पर पीएचडी भी शुरू कर दी गई है।