आबकारी विभाग कोे उस समय सफलता मिली जब जालंधर के एक अधिकारी पकड़ी गई 20
पेटी शराब का सुराग लेने कपूरथला गए। वहां पर आपरेशन चलाकर करीब शराब की
2700 अवैध पेटियां पकड़ ली। यह शराब एक ठेकेदार ने स्टोर कर रखी थी, लेकिन
रिकॉर्ड में इसका जिक्र नहीं था।
गोदाम को मौके पर ही अधिकारियों ने सील कर
दिया।
दो दिन पहले लांबड़ा पुलिस की टीम ने जालंधर में एक कार को रोककर
तलाशी ली थी। इसमें करीब 20 पेटियां शराब बरामद हुई थी। पुलिस ने विजय
कल्याणपुर को अवैध पेटियों समेत गिरफ्तार किया था। इस मामले में जालंधर
आबकारी अधिकारी सुखविंदर सिंह और इंस्पेक्टर हेमंत शर्मा ने जांच की। इस
टीम ने अपनी जांच में पाया कि अवैध रूप से शराब की खेप कपूरथला दाना मंडी
समीप स्थित एक ठेके के पीछे बने गोदाम से भेजी गई है।
इसके बाद मामला
कपूरथला के सहायक आबकारी व कराधान कमिश्नर सुखविंदर सिंह के ध्यान में लाया
गया। कपूरथला में संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया। इसके बाद ठेके के पीछे बने
अवैध गोदाम में करीब शराब की 2700 पेटियां पकड़ीं गईं। अधिकारियों ने शराब
पकड़ने की पुष्टि की है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
जानकारी
के अनुसार यह शराब की खेप किसी नेता की बताई जा रही है, जो बीते लंबे समय
से शराब के कारोबार में लिप्त है।
शराब की खेप को जालंधर और आसपास के
इलाकों में भेजकर मोटा मुनाफा कमाने की योजना थी। यह धंधा काफी समय से चल
रहा था। इस छापामारी के दौरान एक डायरी भी हाथ लगी है, जिससे आबकारी विभाग
को यह इनपुट मिले हैं कि शराब के गोदाम अन्य स्थानों पर भी बने हुए हैं।
उनके बारे में जांच चल रही है। जालंधर के आबकारी अधिकारी सुखविंदर सिंह का
कहना है कि यह एक संयुक्त आपरेशन था। इसमें कपूरथला के अधिकारी भी शामिल
थे। इस मामले की जांच कपूरथला की टीम कर रही है।