होशियारपुर। स्वास्थ्य विभाग ने बीनेवाल में 17 अक्तूबर को लगाए गए आंखों की जांच शिविर में चिह्नित 24 मोतियाबिंद मरीजों के सफल ऑपरेशन करवाए हैं। ये ऑपरेशन सिविल अस्पताल होशियारपुर में किए गए।
ऑपरेशन 24, 28 और 31 अक्तूबर को सिविल सर्जन मनदीप कमल के नेतृत्व में हुए। जिला टीकाकरण अधिकारी सीमा गर्ग ने उपचार और परिवहन व्यवस्थाओं का समन्वय किया। नेत्र रोग विशेषज्ञ परमिंदर कौर ने मरीजों के ऑपरेशन किए। एसएमओ बीनेवाल निर्मल ने मरीजों के आने-जाने और फॉलोअप की व्यवस्था संभाली। प्रत्येक मरीज की ऑपरेशन के अगले दिन जांच भी की गई। सोनालीका (आईटीएल), रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव मंगेश सूद और खुरालगढ़ साहिब ने परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाकर सहयोग दिया। सिविल सर्जन ने बताया कि विभाग का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को जांच से लेकर ऑपरेशन और फॉलोअप तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है।