तीन दिन पहले जालंधर के आदमपुर इलाके में यूके बैंक में लूटपाट कर गार्ड की हत्या करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर पुलिस ने एक लुटेरे को काबू कर लिया है। उसके पास से 39 हजार 500 रुपये की नकदी के अलावा एक स्कूटी भी बरामद हुई है। पुलिस का दावा है कि इसी गिरोह ने ओवरसीज बैंक गिलजियां व पंजाब एंड सिंध बैंक होशियारपुर में डकैती की थी। गिरोह के चार शातिरों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
लुटेरों पर दर्ज मामले
सतनाम सिंह सत्ता पर कुल 22 केस दर्ज हैं। सुखविंदर सिंह पर एक, सुरजीत सिंह जीता पर तीन केस, गुरविंदर सिंह गिंदा पर 7 मामले, सुनील दत्त पर एक मामला दर्ज है।
लुटेरों को काबू करने वाली टीम होगी सम्मानित
एसएसपी देहात ने बताया कि एसपी मनप्रीत सिंह ढिल्लो की टीम ने इस लुटेरे को दबोचा है। यह एक बड़ी रिकवरी है। इसके लिए एसपी व उनकी टीम को सम्मान दिलाने के लिए डीजीपी को लिखा जाएगा। टीम में जितने भी मुलाजिम हैं, उनको प्रशंसा के अलावा तरक्की भी दिलाई जाएगी।