जालंधर। पंजाब सरकार के ऐलान के बाद अब सरबत सेहत बीमा योजना के तहत जालंधर जिले के 2.62 लाख पात्र लाभार्थी सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस कोविड -19 उपचार पाने के हकदार बन गए हैं। यह जानकारी जिले के डीसी घनश्याम थोरी ने दी। उन्होंने कहा कि इस कदम से निजी अस्पतालों में कोविड-19 के मरीजों का मुफ्त इलाज यकीनी बनाया जा सकेगा, क्योंकि इसका सभी खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इस निर्णय से लोग इस योजना के तहत निजी अस्पतालों में कैशलेस कोविड -19 उपचार का लाभ उठा सकेंगे। राज्य सरकार की तरफ से बीमा कंपनी की तरफ से निश्चित किए गए खर्च को कम करने के बाद सरकार की तरफ से बाकी खर्च की अदायगी की जाएगी। इस खर्च में बेड, पीपीई किट, दवाएं, नर्सिंग देखभाल, डॉक्टर की फीस, जांच और ऑक्सीजन शामिल हैं। डीसी ने कहा कि लाभार्थी बिना किसी रेफर के प्राईवेट सूचीबद्ध अस्पतालों में जाकर अपना इलाज करवा सकते हैं।