सेंट्रल जेल फिरोजपुर के निगरानी टावर नंबर-एक और दो के बीच बाइक सवार तीन नकाबपोशों ने तीन बैग जेल के अंदर फेंके जिसमें नौ मोबाइल थे। बाहर से जेल के अंदर मोबाइल फेंकने की यह चौथी घटना है। अब तक जेल प्रशासन आरोपियों को पकड़ नहीं पाया है। उधर, थाना सिटी पुलिस ने वीरवार को तीनाें आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक जेल में लगे निगरानी टावर नंबर-एक और दो के बीच रिहाइशी इलाके से बाइक सवार तीन नकाबपोश आरोपियों ने तीन बैग में भरे नौ मोबाइल जेल के अंदर फेंके। जैसे ही बैग जेल के अंदर जमीन पर गिरे आवाज सुनते ही जेल मुलामिजों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। बैग खोल कर देखे तो उसमें नौ मोबाइल थे।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक जेल में बंद गैंगस्टर और तस्करों को मोबाइल पहुंचाने में उनके साथी जुटे हुए हैं क्योंकि जेल से ही तस्कर फोन कर तस्करी का धंधा चला रहे हैं। हरियाणा के गैंगस्टर को भी कई बार मोबाइल पहुंचाने का प्रयास किया गया। कई बार उक्त गैंगस्टर से मोबाइल पकड़े जा चुके हैं लेकिन मोबाइल जेल में आने का सिलसिला जारी है। एएसआई जगीर सिंह के मुताबिक जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट सुखवंत सिंह के बयान पर तीन नकाबपोश आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।