मामून कैंट से एकत्रित किए कचरे को निगम एरिया में फेंकने वाले ठेकेदार पर निगम के चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर ने गाली-गलौज और हाथापाई का आरोप लगाया है। थाना मामून पुलिस ने आरोपी ठेकेदार पर मामला दर्ज कर लिया है। थाना मामून प्रभारी नवदीप शर्मा ने बताया कि पुलिस को दी गई शिकायत में चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर विक्रमजीत ने बताया कि मामून की विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं तथा वार्ड 18, 19 और 20 के लोगों ने शिकायत दी थी कि मामून कैंट का सफाई ठेकेदार आरएन शर्मा 24 ट्रालियों के माध्यम से मामून कैंट से कचरा लाकर चक्की दरिया एवं सड़कों पर फेंक रहा है। जब हवा चलती है तो कचरा उनके घरों में चला जाता है। चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर ने बताया कि निगम का सुपरवाइजर मौका देखने गया तो पाया कि यह ट्रालियां चक्की दरिया की ओर कूड़ा फेंकने जा रही थी। जैसे ही निगम की टीम ने इन ट्रालियों को रोका तो मुलाजिमों को देख कर शेष ट्राली ड्राइवर तो भाग गए। जबकि, 10 ट्रालियों को निगम टीम ने काबू कर लिया। विक्रमजीत का आरोप है कि इसके कुछ ही समय बाद ठेकेदार आरएन शर्मा कुछ युवकों को साथ लेकर आया और उनके साथ गाली-गलौच व हाथापाई की।