संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर एक किलो 523 ग्राम हेरोइन, 20 किलो 258 ग्राम अफीम और 86 किलो 64 ग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
एसएसपी भूपेंद्र सिंह सिद्धू ने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर शहर के रखड़ी रोड से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक किलो 13 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल व एक बाइक बरामद हुई है। एसएसपी ने बताया कि पिछले दिनों उन्होंने पांच किलो हेरोइन और 29 लाख रुपये की ड्रग मनी संग दो आरोपी काबू किए थे। उनसे पूछताछ दौरान उक्त आरोपियों के बारे में पता चला था। आरोपियों की पहचान लव निवासी बगदादी गेट, शिवा निवासी जनता प्रीत नगर व प्रगट निवासी जनता प्रीत नगर के तौर पर हुई है। वहीं, बीएसएफ ने बीओपी जगदीश के पास गांव हबीब वाला के खेतों में सर्च अभियान के दौरान 510 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा थाना सदर जीरा पुलिस ने एक क्रेटा कार सवार चार आरोपियों को 20 किलो 258 ग्राम अफीम समेत काबू किया। आरोपियों की पहचान हरजिंदर सिंह निवासी मक्खू , गुरजिंदर सिंह निवासी बूह गुजरा व सुरजीत सिंह निवासी डिब वाला के तौर पर हुई है। पुलिस ने तीन लोगों को 86 किलो चूरापोस्त समेत पकड़ा है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह निवासी तरनतरन, गुरप्रीत सिंह निवासी जीरा व सुखदेव सिंह निवासी पंजेके उताड़ के रूप में हुई है।