फिरोजपुर। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के मुलाजिमों का 86 लाख रुपये की नकदी देख ईमान डोल गया और मोगा के व्यापारी से नकदी लेकर राजस्थान जा रहे दो व्यक्तियों पर एक किलो हेरोइन डालकर और पांच लाख रुपये की ड्रग्स मनी दिखाकर उन्हें तस्कर घोषित कर दिया। यही नहीं अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना कैंट में उक्त दोनों व्यक्तियों के खिलाफ एनडीपीएस का मामला दर्ज करवा दिया। यह सब कुछ करके 81 लाख रुपये की नकदी खुर्द-बुर्द कर दी।
इस संबंधी राजस्थान के एक व्यापारी ने डीजीपी पंजाब को शिकायत की। मामले की तफ्तीश शुरू होने पर पूरा मामला झूठा साबित हुआ। उसके बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह बाजवा, एएसआई अंग्रेज सिंह, हवलदार जोगिंदर सिंह समेत आठ मुलजिमों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और एनसीबी के तीनों मुलाजिमों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया।
राजस्थान के बीकानेर निवासी व्यापारी भंवर लाल पारिक ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसका छोटा भाई अशोक कुमार रुपयों का लेनदेन का कारोबार करता है। अशोक ने बीस जुलाई को अपने मुलाजिम गौतम को लुधियाना से किराए पर टैक्सी करवा कर दी थी, टैक्सी का चालक कंवलजीत सिंह था। इन्हें मोगा की एक पार्टी के पास 86 लाख रुपये की पेमेंट लेने के लिए भेजा था। ये लोग मोगा से पेमेंट लेकर राजस्थान आ रहे थे। बीस जुलाई की शाम साढ़े सात बजे के करीब गौतम का मोबाइल बंद हो गया। पता चला कि ये मोबाइल फिरोजपुर में बंद हुआ है। दोनों की तलाश करते हुए फिरोजपुर पहुंचे तो पता चला कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह बाजवा ने अपने साथी एएसआई अंग्रेज सिंह, हवलदार जोगिंदर सिंह व पांच अन्य मुलाजिमों के साथ मिलकर गौतम व कंवलजीत पर एक किलो हेरोइन डालकर और पांच लाख रुपये की ड्रग्स मनी दिखाकर उन्हें तस्कर घोषित कर थाना कैंट में एनडीपीएस का मामला दर्ज कर दिया है। यही नहीं 81 लाख रुपये की धनराशि भी खुर्द-बुर्द कर दी है। इस संबंधी पंजाब के डीजीपी को शिकायत की गई। इस मामले की तफ्तीश गुरुहरसहाए के डीएसपी यादविंदर सिंह को सौंपी गई। मामले की जांच करने के बाद यह मामला झूठा साबित हुआ। उसके बाद थाना कैंट पुलिस ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के इंस्पेक्टर परमिंदर सिंह बाजपा, एएसआई अंग्रेज सिंह व हवलदार जोगिंदर सिंह समेत आठ पर मामला दर्ज किया। इसके अलावा परमिंदर, अंग्रेज व जोगिंदर को नौकरी से बर्खास्त किया गया। उक्त सभी आरोपी 81 लाख रुपये की धनराशि खुर्द-बुर्द कर चुके हैं, जिन्हें पुलिस बरामद करने में जुटी है।
एनसीबी के तीनों मुलाजिमों की संपत्ति व दर्ज किए मामलों की होगी जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी परमिंदर सिंह बाजवा, अंग्रेज सिंह व जोगिंदर सिंह की संपत्ति की जांच की जाएगी। यही नहीं इनकी ओर से दर्ज किए गए एनडीपीएस मामलों की तफ्तीश की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व इस प्रकार के कई मामले सामने आए थे लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें ठंडे बस्ते में डाल दिया था। यह पहला मामला है जिस पर तुरंत कार्रवाई की गई है। (संवाद)