मोर्चरी रूम के बाहर विलाप करते मृतका के परिजन।
- फोटो : ABOHAR
अबोहर में उपमंडल के गांव भागू निवासी एक महिला ने निजी नर्सिंग होम में दो जुड़वा बेटियों को जन्म दिया। लेकिन उनकी मौत हो गई। जबकि मां की हालत खराब होने पर परिजन उसे बठिंडा ले गए जहां प्रसूता ने भी दम तोड़ दिया। बुधवार को तीन डाक्टरों के पैनल ने दोनों बच्चियों सहित महिला का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के हवाले कर दिए। थाना नंबर 1 की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
इस बारे में मृतका के जीजा रामकुमार ने बताया कि गांव भागू निवासी करीब 24 वर्षीय उसकी सालेहार संगीता पत्नी ओम प्रकाश को प्रसव पीड़ा के दौरान सोमवार को दोपहर करीब 11 बजे निजी नर्सिंग होम में दाखिल करवाया गया। जहां सोमवार शाम करीब 7 बजे संगीता ने दो जुड़वां मृत बेटियों को जन्म दिया। इसके बाद संगीता की हालत बिगड़ने लगी, जिस पर वे डाक्टर की राय पर उसे बठिंडा के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां पर मंगलवार को संगीता ने दम तोड़ दिया। बुधवार को तीनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए। पोस्टमार्टम करने वाले पैनल में शामिल डा. गगनदीप सिंह, डा. सोनाली ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही प्रसूता व उसकी बेटियों की मौत का असली कारण पता चल सकेगा। जबकि थाना बहाववाला के एएसआई लखविंद्र सिंह व हवलदार राजकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।