संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। जिले के डेयरीवाल क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक महिला ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। महिला ने यह कदम अपने नशेड़ी बेटे की लगातार पैसों की मांग और कथित परेशानी से तंग आकर उठाया। करीब 80 फीसदी झुलसी महिला की हालत गंभीर है और उसे अमृतसर भेज दिया गया है।
घायल महिला की पहचान 60 वर्षीय पुष्पा देवी, पत्नी सौदागर मल, निवासी डेयरीवाल के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पठानकोट ले जाया गया था। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी हालत नाजुक बताई। पुष्पा देवी के बड़े बेटे पवन कुमार ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई नशे का आदी है। वह अक्सर नशे के लिए और मोटरसाइकिल की किस्त चुकाने के लिए पैसे मांगता था। गुरुवार सुबह उसने मां की सोने की बालियां भी ले ली थीं। इस लगातार परेशानी से मां मानसिक रूप से बहुत तनाव में थीं। पवन कुमार के अनुसार, उनका छोटा भाई दिहाड़ी मजदूरी करता है। करीब तीन महीने पहले उसने एक मोटरसाइकिल खरीदी थी। किस्त नहीं चुका पाने के कारण गुरुवार सुबह उसने मां की बालियां ले लीं। उसने कहा कि वह बालियां बेचकर मोटरसाइकिल की किस्त चुकाएगा। पीड़ितों ने अभी तक पुलिस को इस घटना की सूचना नहीं दी है।