मोगा। परिवार पालने के लिए मनीला गए मोगा के अमरजीत को ट्रेवल एजेंट की ठगी का शिकार होने का खामियाजा इस कदर भुगतना पड़ा कि बीते दो साल से पीड़ित मनीला की जेल में बंद है। पीड़ित की पत्नी की ओर से मोगा पुलिस के पास शिकायत की गई तो लंबी जांच पड़ताल के बाद मोगा पुलिस ने आरोपी दो सगे भाई ट्रेवल एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में आईपीसी की धारा 420 के तहत केस दर्ज किया है।
जांच कर रहे थाना कोटइसे खां के एएसआई ने बताया कि शिकायतकर्ता हरप्रीत कौर निवासी गांव खोसा कोटला (मोगा) ने 22 सिंतबर 2021 को एसएसपी मोगा को दी लिखित शिकायत में आरोप लगाए थे कि उनके गांव के इंद्रजीत सिंह का भाई बलजीत सिंह मनीला में रहता था। इंद्रजीत सिंह ट्रेवल एजेंट के तौर पर लोगों को मनीला भेजने का काम करता था।
आरोपी इंद्रजीत सिंह ने शिकायतकर्ता के पति अमरजीत सिंह को तीन लाख रुपये लेकर 13 जून 2019 को मनीला भेज दिया। आरोपी ने उन्हें कहा था कि अमरजीत सिंह वर्क परमिट पर मनीला जा रहा है, जबकि धोखे से आरोपी ने उसे टूरिस्ट वीजा देकर मनीला भेजा था। मनीला में पहले से रह रहे इंद्रजीत सिंह के भाई बलजीत सिंह ने शिकायतकर्ता के पति अमरजीत सिंह से मनीला में छह माह तक एक कंपनी में काम करवाया और जब अमरजीत सिंह ने घर पैसे भेजने के लिए छह माह का वेतन मांगा तो बलजीत सिंह ने खुद ही अमरजीत सिंह को मनीला में अवैध तरीके से रहने के आरोप में पुलिस को पकड़वा दिया।
इसके बाद बलजीत सिंह खुद भारत आ गया। अमरजीत सिंह के परिवार ने कई बार आरोपी इंद्रजीत सिंह और उसके भाई बलजीत सिंह से गुहार लगाई कि अमरजीत सिंह को जेल से रिहा करवा मनीला से भारत लाने में उनकी मदद करें, लेकिन आरोपियों ने उनकी एक न सुनी। जिसके चलते मजबूरी में पीड़ित परिवार ने पुलिस के पास आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। करीब छह माह तक चली पुलिस की लंबी जांच में आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने दोनों भाइयों के खिलाफ थाना कोटइसे खां में केस दर्ज कर दिया। जांच अधिकारी के अनुसार फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है।