गगन जिंदल की पत्नी को नौकरी का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
मोगा। अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार देर शाम हुई फायरिंग में मारे गए साहिल जिंदल और गगन जिंदल का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। यह अंतिम संस्कार परिवार और जिला प्रशासन के बीच लंबी बातचीत के बाद सहमति बनने पर हुआ। शुरुआत में परिवार ने इन्साफ और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया था।
रविवार देर शाम अंगदपुरा में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। इस घटना में पांच लोग घायल हुए थे, जिनमें से साहिल जिंदल और गगन जिंदल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सोमवार को मोगा की विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा, उपायुक्त और एसएसपी सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों ने परिवार से बातचीत की। सोमवार रात दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करवाया गया। मंगलवार सुबह भी परिवार ने एक बार फिर अंतिम संस्कार करने से इन्कार कर दिया था। काफी देर तक चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शवों को घर लाया गया। परिजन ने अंतिम दर्शन किए और फिर प्रशासन की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करवाया गया। विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। सरकार ने परिवार को आर्थिक सहायता दी है। उन्होंने बताया कि गगन जिंदल की पत्नी को नौकरी मिलेगी। उनके बेटे की पढ़ाई का खर्च भी पंजाब सरकार उठाएगी। विधायक ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने मृतकों के शवों को लेकर राजनीति की, जिससे अंतिम संस्कार में देरी हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह वारदात पुरानी रंजिश के चलते हुई। पुलिस अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। कई अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। विधायक अरोड़ा ने बताया कि राघव को छह गोलियां लगी थीं। ऑपरेशन के बाद दो-तीन गोलियां निकाल दी गई हैं। एक गोली गर्दन में फंसी है, जो जोखिमपूर्ण है।