देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ा आंदोलन खड़ा करने वाले अन्ना हजारे के कदम के साथ कदम मिलाकर चलने वाली पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी की नजर में गुजरात के सीएम नरेंद्र मोदी कांग्रेस के राहुल गांधी के मुकाबले में काफी मजबूत हैं।
किरण बेदी ने हालांकि राहुल को भी एक अच्छा व्यक्ति बताया लेकिन यह कहने से गुरेज नहीं किया कि भाजपा ने मोदी के रूप में एक अच्छा विकल्प खड़ा किया है।
किरण बेदी शुक्रवार को जालंधर के विधीपुर फाटक के पास स्थित डॉ. बीआर अंबेदकर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में हुए समारोह में हिस्सा लेने के लिए खास तौर पर आई हुई थीं। किरण बेदी ने जालंधर दौरे के दौरान संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत की, जिसमें मुख्य मुद्दा देश की राजनीति पर फोकस रहा।
किरण बेदी ने कहा कि कांग्रेस ने अगर देश में घोटाले किए हैं तो कुछ अच्छे काम भी किए हैं। कांग्रेस के राहुल गांधी के मुकाबले में भाजपा की तरफ से नरेंद्र मोदी एक मजबूत उम्मीदवार हैं।
‘आप’ को समर्थन नहीं : किरण
किरण बेदी ने कहा कि पहले भाजपा के पास अच्छा कोई विकल्प नहीं था। पुराने साथी अरविंद केजरीवाल के बारे में पूछने पर उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी बनाने का फैसला केजरीवाल का व्यक्तिगत है, इसमें वे कुछ नहीं कह सकतीं। आम आदमी पार्टी (आप) को बने एक साल हुआ है, इसलिए पार्टी के भविष्य के बारे में कुछ बता नहीं सकतीं। किरण बेदी ने आम आदमी पार्टी को समर्थन व चुनाव लड़ने की बात पर साफ इंकार कर दिया।