संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। बदमाशों ने फौजी से मोबाइल और दुकानदार से बीस हजार रुपये की नगदी व बाइक छीन कर भाग गए। आरोपियों ने दुकानदार पर कापे से वारकर जख्मी कर दिया, जिसे स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया है। पुलिस ने रविवार अज्ञात नौ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित नायक आशीष कुमार वासी अब्दुल हमीद इन्क्लेव आर्मी क्वार्टर नंबर-39/1 ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह साइकिल पर सवार होकर आर्मी अस्पताल में ड्यूटी पर जा रहा था। जब कोर्ट कांप्लेक्स के नजदीक पहुंचा तो किसी की काल आ गई। साइकिल रोक कर मोबाइल पर बातचीत कर रहा था। बाइक सवार तीन बदमाश आए और उससे मोबाइल छीन कर भाग गए।
उधर, पीड़ित दुकानदार रविन्द्र सिंह वासी बग़दादी गेट, फिरोजपुर ने पुलिस को बताया कि गांव करीं कलां में किसी के घर सीसीटीवी कैमरे लगा कर अपने घर लौट रहा था। जब गांव भूरे कलां पहुंचा तो दो बाइकों पर छह शातिर आए और उस पर कापे से वारकर जख्मी कर दिया। बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। आरोपी 20 हजार रुपये, बाइक व अन्य सामान छीन कर भाग गए। पीड़ित को जख्मी हालत में फिरोजपुर के निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। थाना ममदोट पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।