संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। पंजाब के बिजली, उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन और प्रवासी भारतीय मामलों के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने शुक्रवार को लुधियाना में विभिन्न बुनियादी ढांचे और नागरिक विकास परियोजनाओं की प्रगति को लेकर उच्च-स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में एनएचएआई, नगर निगम, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल और बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मंत्री अरोड़ा ने राष्ट्रीय राजमार्गों की स्थिति पर चिंता जताते हुए एनएचएआई को शहर में सर्विस लेनों की मरम्मत तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। इस पर पीडी ने मरम्मत व रखरखाव के लिए 150 करोड़ रुपये के बजट की पुष्टि की। साथ ही जालंधर बाईपास के पास बनाए जा रहे वाहन अंडरपास (वीयूपी) की प्रगति की जानकारी भी दी गई।
शहरी सौंदर्य को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए अरोड़ा ने नगर निगम और पुलिस को फ़िरोज़पुर रोड एलिवेटेड हाईवे के खंभों को खराब करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि शहर की सुंदरता बिगाड़ने वाली गतिविधियों के प्रति शून्य-सहिष्णुता अपनाई जाएगी। इसके अलावा, नगर निगम को सार्वजनिक स्थानों से कचरा और लावारिस वाहनों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने हलवारा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा सहित कई अहम बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की स्थिति की समीक्षा की और जिला प्रशासन व भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से बेहतर समन्वय बनाने को कहा। उन्होंने लुधियाना-बठिंडा व लुधियाना-खरड़ राजमार्ग पर लंबित कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट्स और एलिवेटेड हाइवे किनारे पार्किंग सुविधाओं के विकास की गति पर भी चर्चा की। बैठक में डीसी हिमांशु जैन, ग्लाडा के अतिरिक्त मुख्य प्रशासक ओजस्वी अलंकार, एडीसी (ग्रामीण विकास) अमरजीत बैंस, सीएस डॉ. रमनदीप कौर, पीडी एनएचएआई प्रियंका मीणा व नगर निगम अधिकारी शामिल रहे।