बाबा फरीद मेडिकल यूनिवर्सिटी ने प्री मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट (पीएमईटी) को
लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में चल रहे केस के चलते एमबीबीएस और
बीडीएस में दाखिले के लिए 25 जून से होने वाली काउंसिलिंग को अनिश्चितकालीन
समय के लिए स्थगित कर दिया है।
इससे पहले विवि ने पीएमईटी 2015 के
आधार पर सूबे के 23 मेडिकल व डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस व बीडीएस की करीब
2000 सीटें भरने के काउंसिलिंग 19 जून को रखी थी, जिसे बाद में स्थगित करके
25 जून किया गया था। विवि सूत्रों के अनुसार पीएमईटी के संदर्भ में कुछ
परीक्षार्थियों ने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर रखी है,
जिसपर फैसला होना बाकी है।
इसके अलावा हाईकोर्ट भी एआईपीएमटी की परीक्षा को
रद कर चुका है। दोनों परीक्षाओं को लेकर चल रही कानूनी प्रक्रियाओं की वजह
से विवि ने काउंसिलिंग को स्थगित करने का फैसला किया है। काउंसिलिंग के
स्थगित होने से पीएमईटी पास करने वाले विद्यार्थियों में काफी तनाव पाया जा
रहा है और हाईकोर्ट में होने वाले अपने भविष्य के फैसले को लेकर काफी
चिंतित हैं।