जालंधर के आबादपुरा इलाके में विवाहिता की दहेज के लिए हत्या कर दी गई। घटना बाद दोपहर घटी। सूचना पाकर डिवीजन नंबर चार की पुलिस आबादपुरा पहुंची तो विवाहिता का शव बेड पर पड़ा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना डिवीजन नंबर चार की पुलिस ने पति, देवर, ससुर और सास पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पति भूपिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी फरार चल रहे हैं।
हरी राम निवासी गांव बोलिना ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी जसविंदर कौर की शादी भूपिंदर सिंह निवासी आबादपुरा से की थी। भूपिंदर दुबई चला गया था और हाल ही में लौटा था। जसविंदर के देवर ज्ञानी की शादी होने वाली थी।
इसलिए भूपिंदर अपनी पत्नी पर मायके से 10 हजार रुपये लाने के लिए दबाव बना रहा था। हरी राम ने बताया कि उसकी बेटी को सास बंसो, ससुर रोशन लाल, देवर ज्ञानी और पति भूपिंदर काफी परेशान कर रहे थे और सोमवार को उन्होंने उसकी हत्या कर दी।
बाद में कहानी बनाने के लिए कह दिया कि जसविंदर ने बाथरूम में फंदा लगा लिया है। हरी राम का कहना है कि बाथरूम में ऐसा कोई स्थान नहीं था, जिससे उनकी बेटी फंदा लगा लेती। उसकी हत्या की गई है और इसको खुदकुशी का नाम देने की कोशिश की गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है।