जालंधर। शिक्षा विभाग ने कोरोना के कारण लंबे समय से बंद पड़े स्कूलों को सोमवार से खोलने की तैयारी कर ली है। सोमवार से 10वीं से लेकर 12वीं कक्षा तक की ही कक्षाएं लगाई जाएंगी। हालांकि अभी भी बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावकों में डर बरकरार है।
जालंधर जिले की बात करें तो 273 सरकारी स्कूल सोमवार से खुल जाएंगे। जिला शिक्षा विभाग का कहना है कि स्कूलों को खोलने को लेकर सारी तैयारी हो चुकी है। कोविड-19 के दिशानिर्देशों के तहत स्कूल खुलेंगे। सोमवार से जो सरकारी स्कूल खोले जा रहे हैं, उनमें 152 सेकेंडरी व 121 हाई स्कूल शामिल हैं। निजी स्कूलों को भी खोलने की इजाजत मिल चुकी है, लेकिन स्कूलों में बच्चों को भेजने को लेकर माता-पिता ज्यादा उत्साह दिखा नहीं रहे हैं। इसका मुख्य कारण बच्चों के माता-पिता के मन में बैठा कोरोना की तीसरी लहर का डर बताया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी हरिंदरपाल सिंह का कहना है कि राज्य सरकार की तरफ से मिली हिदायतों के तहत सभी प्रबंध पूरे किए गए हैं। सभी स्कूलों में सैनिटाइज करवाया गया है।
स्कूलों के खुलने व बच्चों की सुरक्षा को लेकर सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, नेहरू गार्डन की प्रिंसिपल गुरिंदरजीत कौर का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। स्कूल में प्रवेश करने से पहले मास्क चेकिंग, सामाजिक दूरी और सैनिटाइजेशन का पूरा ध्यान रखा जाएगा। सभी स्कूलों के खुलने से पहले पीटीएम रखी गई है, ताकि बच्चों के माता-पिता से मुलाकात करके उनकी राए ली जा सके और उनका हौसला बढ़ाया जा सके। इसके अलावा कोविड-19 की हिदायतों का पालन हो इसके लिए स्टाफ की ड्यूटियां लगाई गई हैं।