संवाद न्यूज एजेंसी
फाजिल्का। साइबर क्राइम पुलिस ने मोबाइल फोन हैक कर बैंक खातों से 1.62 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई देवी लाल नामक व्यक्ति की शिकायत पर की गई है जिसके फोन पर एक एपीके फाइल आने के बाद यह घटना हुई।
जांच अधिकारी सहायक थानेदार शंकरपाल सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता देवी लाल श्रीगंगानगर के विजय नगर का निवासी है। वह वर्तमान में अबोहर के उत्तम विहार में रह रहा है। देवी लाल के अनुसार, उसके मोबाइल फोन पर एक एपीके फाइल आई थी। इस फाइल को खोलने के बाद उसका मोबाइल फोन हैक हो गया। हैकिंग के बाद उसके पंजाब नेशनल बैंक और केनरा बैंक की अबोहर शाखाओं में मौजूद खातों से पैसे निकाले गए। कुल 1.62 लाख रुपये अलग-अलग लेनदेन के माध्यम से निकाल लिए गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस ऑनलाइन ठगी में इस्तेमाल किए गए माध्यम का पता लगा रही है। आरोपी की पहचान करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।