जालंधर में हादसे में एक व्यक्ति की मौत।
थाना सात के क्षेत्र मिठ्ठापुर में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक्टिवा सवार युवक की मौत हो गई। वह अपने साथी के साथ शराब पेटियां लेकर जा रहा था। उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान भार्गव कैंप के राज कुमार के रूप में हुई है। उसके साथी गौरव सिंह को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
थाना सात के एएसआई गुरनाम सिंह ने बताया कि दोनों युवक सफेद रंग की एक्टिवा पर शराब की दो पेटियां लेकर मिठ्ठापुर से गुजर रहे थे। इस दौरान 66 फुटी रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में एक्टिवा चालक की मौके पर मौत हो गई। चालक मौके पर ही ट्रक को छोड़कर भाग निकला। एएसआई ने बताया कि अभी यह साफ नहीं हो पाया कि ये दोनों युवक कहां से शराब लेकर आ रहे थे।