होशियारपुर। महाराणा प्रताप हाकी अकादमी होशियारपुर की ओर से मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस (खेल दिवस) को समर्पित हाकी टूर्नामेंट में महाराणा प्रताप हॉकी अकादमी की जूनियर टीम ने अजड़ाम की टीम को हराकर ट्राफी जीत ली। इसके साथ ही सीनियर टीम के मैच में अजड़ाम टीम ने महाराणा प्रताप हाकी अकादमी की टीम को हराकर जीत दर्ज की।
इस मौके पर विजेता टीमों को ट्राफी व कैश पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उपविजेता टीमों को ट्राफी भेंट की गई। इस दौरान सीनियर टीम के मैच दौरान मुकाबला उस समय और भी रोमांचक हो गया जब मैच देख रहे मेहमानों ने पुरस्कारों की झड़ी लगा दी।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा मुख्य अतिथि रहे। कैबिनेट मंत्री ने खुद हाकी स्टिक उठाई और पेनल्टी स्ट्रोक लगाए। इस मौके पर बीसी आयोग पंजाब के चेयरमैन सरवन सिंह, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन एडवोकेट राकेश मरवाहा, मेयर सुरिंदर कुमार, ओलंपियन सरोज बाला, पूर्व पार्षद सुदर्शन धीर भी उपस्थित थे।
सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि वह खुद भी हाकी खिलाड़ी रहे हैं। वह टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। अरोड़ा ने अकादमी द्वारा खिलाड़ियों को बेहतर खेल का प्रदर्शन करने में पेश आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने पर मैदान के साथ खाली पड़ी जगह पर चेंजिंग रूम, बाथरुम व ग्राउंड में पानी लगाने के लिए बोर करवाने के 5 लाख रुपये की ग्रांट के साथ-साथ अकादमी में खेलने के लिए आने वाले बच्चों के लिए एक-एक किट देने की घोषणा की।
----------------------
राष्ट्रीय खेल दिवस मनाने से खिलाडिय़ों में विशेष उत्साह: डा. रमन घई
होशियारपुर। भाजपा स्पोर्ट्स सेल पंजाब की ओर से मेजर ध्यानचंद को समर्पित राष्ट्रीय खेल दिवस पर जालंधर व होशियारपुर के बीच क्रिकेट मैच आयोजित किया। इस अवसर पर भाजपा स्पोर्ट्स सेल के प्रदेश कन्वीनर डा. रमन घई ने कहा कि खिलाडिय़ों को कड़ी मेहनत व अनुशासन के साथ खेलते हुए खेलों को भी अपने कैरियर के रूप में चुनना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने खेलों व खिलाडियों के लिए कई लाभदायक योजनाएं शुरू की है उससे आज खेलों में देश के खिलाड़ी अपना भविष्य अच्छा देख रहे हैं और खेलों में भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचा कर रहे हैं।