नई दाना मंडी के पास अपने भाई के घर से बाइक पर लौट रहे व्यक्ति को तीन लुटेरों ने गन प्वाइंट पर लूट लिया। आरोपियों ने पहले उस पर किरच से हमला किया। उसके बाद धमकाकर 7060 रुपये की नकदी, मोबाइल, आधार कार्ड, एटीएम और अन्य कागजात छीन लिए। उसके शोर मचाने पर तीनों लुटेरे बाइक पर फरार हो गए। पीड़ित ने भागते हुए लुटेरों के बाइक का नंबर पहचान लिया। थाना सिटी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, लेकिन लुटेरों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस लुटेरों की तलाश के लिए एरिया के सीसीटीवी खंगाल रही है।
गुरदेव सिंह निवासी खैड़ा दोना ने पुलिस को दर्ज शिकायत में बताया कि वह अपने भाई प्रेम कुमार के घर दशमेश कालोनी में गया था। रात 9:30 बजे वह मोटरसाइकिल पर लौट रहा था, जैसे ही वह नई दाना मंडी के पास पहुंचा तो तीन बाइक सवार लुटेरों ने उसे घेर लिया। एक ने बाइक आगे लगाकर किरच से उस पर कई वार कर दिए, जैसे ही उसने बचाव करने के लिए विरोध किया तो दूसरे लुटेरे ने पिस्तौल निकाल कर उसकी गर्दन पर लगा दी। तीसरे लुटेरे ने जेब से पर्स, मोबाइल व अन्य सामान निकाल लिया। लूट के बाद भागते हुए लुटेरों के मोटरसाइकिल पर नंबर पहचान लिया। उसने बताया कि पर्स में 7060 रुपये थे। सूचना उसने तुरंत पुलिस को दे दी। थाना सिटी के एएसआई मनजीत सिंह ने बताया कि तीनों लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।