संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। नकाबपोश तीन लुटेरों ने बुधवार की सुबह एक घर में घुसकर सास और बहू को बंधक बना लिया और पिस्टल के बल पर गहने व नगदी लूट कर फरार हो गए। कानों से बालियां नोंचने पर घायल हुई सास को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है। थाना खुईयां सरवर पुलिस का कहना है कि जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
सरकारी अस्पताल में दाखिला खुईयां सरवर निवासी बब्बी पत्नी कुलदीप सिंह ने बताया कि उसका पति व बेटा सब्जी का कारोबार करते हैं। दोनों बुधवार की सुबह करीब 4 बजे अबोहर मंडी में सब्जी लेने के लिए चले गए। करीब साढे़ 4 बजे तीन नकाबपोश युवकों ने उसके घर का दरवाजा खटकाते हुए कहा कि उसके पति का एक्सीडेंट हो गया है।
उन्होंने दरवाजा खोला तो तीनों युवक घर में घुस आए और उसका मुंह बंद कर उसके कानों से बालियां नोंच लीं। इससे वह जख्मी हो गई। इसी दौरान उसकी पुत्रवधू जसप्रीत कौर की आंख खुली तो वह उसके बचाव में आई।
इस पर दो लुटेरों ने पिस्टल दिखाते हुए उसकी पुत्रवधू के कानों से भी सोने के आभूषण उतार लिए। इसके बाद लुटेरोें ने दोनों बंधक बना लिया और अलमारी तोड़कर करीब 20 हजार की नगदी लूट ली। इसके बाद घर का दरवाजा बाहर से बंद करके फरार हो गए।
किसी प्रकार से उन्होंने अपने पड़ोसियों को घटना की सूचना दी इस पर उन्होंने गेट खोलकर उन्हें बाहर निकाला और इस बात की सूचना उसके पति व बेटे को दी। परिजनोें उसे अस्पताल में भर्ती करवाया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
थाना खुईयां सरवर के प्रभारी सुखपाल सिंह ने बताया घायल महिला के बयान दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा। लुटेरों का सुराग लगाया जा रहा है।
घर में घुसकर डॉक्टर की पत्नी के गले से चेन झपटी
अबोहर। बाइक सवार दो लुटेरों ने बुधवार दोपहर घर में घुसकर डॉक्टर की पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। थाना नंबर दो की पुलिस सीसीटीवी में कैद हुए लुटेरों का सुराग लगा रही है। नई आबादी गली नंबर 14 बड़ी पौड़ी निवासी दर्शना देवी पत्नी रोशन लाल उपवेजा ने बताया कि बुधवार की दोपहर वह घर में अकेली थी।
इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश युवकों ने उसके डाक्टर पति के बारे में पूछा और घर में घुसकर गले में पहनी 5 तोले की सोने की चेन झपटकर भागन लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने लुटेरों का पीछा किया। लुटेरे फरार होने में कामयाब हो गए। गली में लगे कैमरों में सीसीटीवी कैमरों लुटेरों कैद हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से लुटेरों का पता लगा रही है।