पंजाब के जालंध्ार में सफाई ठेकेदारों की तरफ से निगम कांप्लेक्स में फैलाई गंदगी के लिए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सख्त रवैया अपनाने के आदेश दिए हैं। यही नहीं सीएम तथा स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी ने जालंधर नगर निगम को सॉलिड वेस्ट प्रोजेक्ट को जल्द लागू करने की हिदायतें भी जारी की हैं।
शनिवार को मुख्य संसदीय सचिव केडी भंडारी, मेयर सुनील ज्योति तथा सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया सहित सभी अकाली-भाजपा के पार्षद अमृतसर में हुई बैठक में मौजूद थे। बताया जाता है कि इस बैठक में सीएम प्रकाश सिंह बादल ने दो टुक कहा है कि किसी को भी दफ्तर की मर्यादा भंग करने की इजाजत नहीं दी जा सकती है।
इसके लिए दफ्तर में तोड़फोड़ करने वाले सभी कर्मचारियों पर नाम सहित मामला दर्ज करवाया जाए। अमृतसर के सर्किट हाउस में हुई इस मुलाकात के दौरान स्थानीय निकाय मंत्री अनिल जोशी भी मौजूद थे। इस दौरान निकाय मंत्री ने भी ठेका कर्मियों के साथ मौजूद निगम के सफाई कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की हिदायत दी है।
सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया का कहना है कि बैठक में सीएम ने सफाई कर्मियों के इस अपराध की निंदा की है। पांच माह से वेतन न मिलने से खफा ठेका सफाई कर्मियों ने निगम की यूनियन प्रधान चंदन ग्रेवाल के साथ मिलकर निगम परिसर में गंदगी फेंक दी थी।
इस दौरान सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया के कमरे के दरवाजे को तोड़ उनकी टेबल पर गंदगी फैलाई गई। सीनियर डिप्टी मेयर कमलजीत सिंह भाटिया ने इस घटना को एक साजिश का नाम दिया था।