शनिवार की देर रात स्थानीय कचहरी चौक स्थित शराब के ठेके में कार सवार
लुटेरों ने धावा बोल कर तेजधार हथियारों के बल पर कारिंदों से 25 हजार
रुपये लूट लिए। विरोध करने पर ठेकेदार सहित तीन लोगों पर लुटेरों ने हमलाकर
गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए।
सिविल अस्पताल में
उपचाराधीन शराब ठेकेदार रजिंदर सिंह उर्फ राजा पुत्र दलीप सिंह निवासी
मोहल्ला संतपुरा ने बताया कि शनिवार देर रात स्थानीय कचहरी चौक के समीप
स्थित ठेके पर तैनात करिंदे कैश गिन कर रहे थे। इसी दौरान एक स्विफ्ट
डिजायर आकर रुकी, जिसमें से कुछ लोग तेजधार हथियारों के साथ उतरे और
कारिंदों से 25,000 रुपये छीन लिए। घटना के बाद कारिंदों ने तुरंत उन्हें
फोन पर सूचित किया।
वह साथी दीपा और अमन के साथ मौके पर पहुंचे और लुटेरों
को छीने हुए पैसे वापस करने को कहा, लेकिन लुटेरों ने रुपये नहीं लौटाए।
इसके बाद लुटेरों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जिसमें वह
गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पाकर थाना सिटी पुलिस मौके पर
पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल कपूरथला में भर्ती करवाया। लुटेरों को
काबू करने के लिए शहर में छापामारी शुरू कर दी है। घायल रजिंदर सिंह उर्फ
राजा ने बताया कि वह कुछ युवकों को जानता है। तीनों लुटेरों के सामने आने
पर उन्हें पहचान सकता है क्योंकि उक्त युवकों से उसकी पुरानी रंजिश है।