आबकारी विभाग और पुलिस की टीम ने गांव हबीबके की तरफ से बह रहे सतलुज दरिया में बने सरकंडों के टापू पर छापा मारकर 32000 लीटर कच्ची दारू पकड़ी है। पुलिस को वहां से 32 तिरपालें बरामद हुईं हैं जिनमें कच्ची दारू भर कर दरिया के पानी के अंदर छिपाकर रखते हैं। आरोपी पुलिस को देख वहां से भाग निकले। थाना सदर पुलिस ने रविवार को दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई जसपाल सिंह पुलिस पार्टी के साथ सीमांत गांव अलीके के पास गश्त कर रहे थे। मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपियों ने गांव हबीबके के पास सतलुज दरिया में बने सरकंडों के टापू पर कच्ची दारू तैयार कर रखी हुई है। पुलिस ने वहां पर छापा मारकर 32000 कच्ची दारू पकड़ी और उसे वहीं पर नष्ट कर दिया। टीम को वहां से 32 तिरपालें भी बरामद हुई हैं जिसमें आरोपी कच्ची दारू डालकर दरिया के पानी के बीच में छिपाकर रख देते हैं। उधर, थाना सदर पुलिस ने आरोपी परमजीत सिंह वासी हबीबके और अशोक कुमार वासी गांव अलीके के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फरार हैं।