पुलिस ने सीमांत गांव हबीबके के पास सतलुज दरिया में बने सरकंडों के टापू से 21000 लीटर कच्ची दारू पकड़ी है। इसे तिरपालों में डालकर दरिया में जलकुंभी के बीच छिपाकर रखा गया था। थाना सदर पुलिस ने मामले में रविवार को पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान वीरू, दारा सिंह, बोहड़ी, काली व अशोक कुमार वासी गांव अलीके के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक एएसआई जोगिंदर सिंह सीमांत गांव अलीके के पास पुलिस पार्टी संग गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि सीमावर्ती गांव हबीबके के पास सतलुज दरिया में बने सरकंडों के टापू में आरोपी कच्ची दारू जलकुंभी के बीच छिपाकर आए हैं। पुलिस पार्टी ने बताए गए स्थान पर छापा मारकर वहां से तिरपालों में छिपाकर रखी गई 21000 लीटर कच्ची दारू बरामद कर ली। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।