पठानकोट के नॉर्थ सब डिवीजन के कैश काउंटर के सामने परेशान होते लोग।
- फोटो : PATHANKOT
बिजली गिरने से मंगलवार को पपावरकॉम का सर्वर ठप हो गया। इससे पावरकॉम के तीनों कैश काउंटर का सिस्टम बंद हो गया। इससे 300 से अधिक उपभोक्ता अपना बिल जमा नहीं करवा पाए। इसमें से कई ऐसे उपभोक्ता भी थे जिनकी मंगलवार को बिजली बिल भरने की अंतिम तारीख थी। सरचार्ज से बचने के लिए उपभोक्ता सीसीएम (कैश कलेक्शन मशीन) पर भी गए परंतु वह बंद मिली। परेशान लोगों ने पावरकॉम के खिलाफ नाराजगी जताई।
मंगलवार को बिजली बिल जमा करवाने आए सुंदरनगर निवासी सीनियर सिटीजन संतोख सिंह, शास्त्री नगर के सुमन शर्मा, रेडवां कालोनी निवासी घार सिंह ने कहा कि वह एक घंटे से खड़े हैं। जवाब मिल रहा है कि सिस्टम बंद है। इंजीनियर ठीक कर रहे हैं। अब वह थक हार कर बिना बिल जमा करवाए वापस जाने को मजबूर हैं। कारोबारी सोमराज व नवजोत ने बताया कि आज बिल जमा करने की अंतिम तारीख है। विभागीय कर्मचारी उन्हें ऑनलाइन बिल जमा करवाने के लिए कह रहे हैं। उन्होंने कभी ऑनलाइन बिल जमा नहीं करवाया। अगले बिल में पावरकॉम उन्हें सरचार्ज डाल देगा जो सरासर गलत है।
पटियाला भेजी है रिपोर्ट: एक्सईएन
पावरकॉम सिटी डिवीजन के एक्सईएन गगनदीप भास्कर ने बताया सुबह बिजली गिरने से मुख्य सर्वर खराब हो गया। इससे ेसाउथ व नार्थ सब डिवीजन के दोनों कैश काउंटर बंद हो गए। पटियाला स्थित मुख्यालय को मेल के जरिये सूचित किया गया। 12 बजे के करीब अमृतसर से इंजीनियरिंग टीम सिस्टम ठीक करने में जुट गई। कहा कि उनके पास कुछेक उपभोक्ता आए थे जिनकी बिल जमा करवाने की आज अंतिम तारीख थी जिसके बारे में हायर अथारिटी को अवगत करवा दिया गया है। अगले बिल में उन्हें सरचार्ज पड़ेगा कि नहीं इसके बारे में जवाद आने पर ही वह कुछ बता सकेंगे।