उमंग और सतपाल की चैट में कई राज
लेक्चरर नेहा बस्सी हत्याकांड की जांच में पुलिस को आरोपी उमंग बस्सी और उसकी कथित प्रेमिका सतपाल कौर के बीच करीब 206 पन्नों की व्हाट्सएप चैट मिली है।
चैट में कथित प्रेम संबंध, गुप्त मुलाकातों, शादी और भविष्य में साथ रहने की योजनाओं से जुड़ी बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। चैट के एक हिस्से में सतपाल कौर के पति विशाल शर्मा को रास्ते से हटाने को लेकर बातचीत का भी आरोप है। हालांकि चैट की प्रामाणिकता और हत्याकांड से इसके संबंध की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
चैट में दोनों एक-दूसरे को बेबी, शोना और बुग्गू जैसे नामों से संबोधित करते दिखते हैं। प्यार जताने और जल्द साथ रहने की इच्छा से जुड़े कई संदेश होने का दावा है। सतपाल ने उमंग का नंबर तानवी और एए जबकि उमंग ने सतपाल का नंबर सतलाप नाम से सेव किया था। सतपाल फिलहाल पुलिस हिरासत में है।
15 जनवरी की बातचीत पर पुलिस की नजर
15 जनवरी की बातचीत को अहम माना जा रहा है। आरोप है कि उमंग ने सतपाल से कहा कि वह पहले अपने पति को मरवाने की बात करती थी। इस पर सतपाल ने कथित तौर पर कहा, “उमंग, यू नो एवरीथिंग।” इसके बाद दोनों में बहस और चुप रहने को लेकर बातचीत हुई। पुलिस यह पता लगा रही है कि इस बातचीत का वास्तविक संदर्भ क्या था और इसका हत्याकांड से कोई संबंध है या नहीं।
16 और 17 जनवरी की चैट में दोनों के बीच प्रेम और मुलाकातों से जुड़ी बातचीत होने का दावा है। 24 और 25 जनवरी को शादी करने और परिवार-बच्चों के भविष्य पर चर्चा की बात सामने आई है। एक संदेश में सतपाल की ओर से कथित तौर पर ‘लेट्स गेट मैरिड’ लिखा गया। साथ ही मौजूदा रिश्तों से अलग होकर साथ रहने की योजना पर बातचीत का भी दावा है।
विशाल शर्मा का आरोप है कि चैट के अधिकांश हिस्से में दोनों के अलग होकर साथ रहने की बातें हैं। पुलिस अब चैट में दर्ज दावों और दोनों आरोपियों की भूमिका की अन्य साक्ष्यों से जांच कर रही है।