जलालाबाद (फिरोजपुर)। फाजिल्का-फिरोजपुर रोड पर मौजूद बजाज पेट्रोल पंप के नजदीक गोबिंद नगरी नजदीक कुरकरों से लदे ट्रक को बिजली की तारों की स्पार्किंग होने से आग लग गई। ट्रक जलकर राख हो गया।
आग लगने के बाद पेट्रोल पंप वालों और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही थाना सिटी के प्रभारी सब इंस्पेक्टर मंजीत सिंह पुलिस पार्टी समेत मौके पर पहुंचे। दमकल विभाग ने पहुंचकर आग पर काबू पाया।
अमित कुमार ने बताया कि उनका होलसेल का काम है और ट्रक अक्सर ही आते हैं और यहां गोबिंद नगरी में उनका गोदाम और फैक्ट्री है। उसने बताया कि दमकल विभाग की गाड़ी काफी देरी से पहुंची। यही नहीं जब दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची तो पानी खत्म हो गया। दोबारा पानी भरने के लिए गाड़ी जाने के बाद सामान पूरा जलकर राख हो गया। इस संबंधी मोहल्ला निवासियों का कहना था कि यहां पर कई अवैध फैक्ट्रियां हैं।