भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय एससी मोर्चा के सदस्य शीतल अंगुराल और उसके भाई राजन समेत छह लोगों पर नाबालिग को किडनैप कर मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। अंगुराल बंधु घर से फरार हो गए हैं। पुलिस डिवीजन नंबर पांच में संगीन धाराओं के तहत अंगुराल बंधु के अलावा जिनी, दीपा और चिराग समेत एक अज्ञात पर केस दर्ज किया है। पुलिस ने नाबालिग के बयान धारा 164 के तहत ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज करवा दिए हैं।
15 साल के नाबालिग ने अपनी शिकायत चाइल्ड वेलफेयर अधिकारी को दी थी, जिसमें उसने कहा कि वह भाजपा नेता शीतल व राजन के पास काम करता था। वह काम छोड़ना चाहता था लेकिन शीतल, राजन व अन्य चार साथी उसे नशे के केस में फंसाने की धमकी देते थे। 11 मार्च को वे उसको जबरन मुकेरियां ले गए और उसके साथ मारपीट की। उसके बाद वह उसे राजन के दफ्तर में ले आए और वहां धमकाकर वीडियो तैयार करवाई जिससे उसके मुंह से काफी कुछ आपत्तिजनक कहलवाया।
बच्चे ने इस बारे में खौफ के कारण किसी को कुछ नहीं बताया लेकिन दो तीन दिन पहले मामला उजागर हुआ तो बच्चे ने चाइल्ड वेलफेयर अधिकारी को इसकी शिकायत दी। अधिकारी ने बच्चे के बयान दर्ज कर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत भुल्लर को केस दर्ज करने की सिफारिश की। इसके बाद डिवीजन नंबर पांच में केस दर्ज कर लिया गया। एसीपी वेस्ट बरजिंदर सिंह का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, शिकायतकर्ता नाबालिग था, इसलिए धारा 164 के तहत बयान भी अदालत में करवा दिए गए हैं। अभी आरोपी फरार हैं, उनकी तलाश की जा रही है।