डब्ल्यूडब्ल्यूई के प्र्रसिद्ध पहलवान दलीप सिंह राणा उर्फ द ग्रेट खली ने अपने गुरु डॉ. रणधीर हस्तीर के निधन पर गहरा दुख जताया है।
खली ने फोन पर हुई बातचीत में बताया कि डॉक्टर साहब को कभी भुलाया नहीं जा सकता। खली डॉ. हस्तीर से कई सालों तक बॉडी बिल्डिंग का प्रशिक्षण लेते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वे सबसे पहले डॉ. हस्तीर के ही रामामंडी में बने तारा हेल्थ क्लब में बॉडी बिल्डिंग का अभ्यास किया करते थे। खली उनकी बताई हुई ट्रेनिंग के अनुसार ही एक्साइज किया करते थे।
खली के अनुसार ट्रेनिंग से लेकर उनका डाइट चार्ट तक डॉक्टर साहब ही तैयार करके दिया करते थे। खली ने कहा पंजाब में बॉडी बिल्डिंग खेल की शुरुआत करने वाले डॉ. हस्तीर ही थे।
उनकी इस देन को बुलाया नहीं जा सकता है। खली ने कहा कि डॉ. हस्तीर ने कई अन्य नामी बॉडी बिल्डिरों को तैयार किया है। डॉ. हस्तीर पंजाब पुलिस में भर्ती के लिए ढेरों बॉडी बिल्डरों को ट्रेनिंग देते रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डॉक्टर साहब बॉडी बिल्डर की ग्रोथ के लिए बॉडी ग्रो प्रोडक्ट भी तैयार करते थे। खली ने कहा कि वे अपने गुरु डॉ. हस्तीर के निधन की खबर सुनकर हैरान हो गए थे, क्योंकि वे एकदम से फिट थे।
खली ने कहा कि वे जालंधर से बाहर होने की वजह से डॉ. हस्तीर के अंतिम संस्कार पर नहीं जा पाए, लेकिन वे जल्द ही परिवार के साथ दुख सांझा करने के लिए जाएंगे। खली ने कहा कि डॉ. हस्तीर को बॉडी बिल्डिंग जगत के गॉड फादर थे। खली का कहना है कि उन्हें ऐसा लग रहा है कि जैसे एक सितारा सभी को रुलाकर टूट गया हो।
खली ने कहा कि बॉडी बिल्डरों को पंजाब सरकार से आर्थिक मदद दिलवाने के लिए डॉ. हस्तीर ने कई प्रयास किए। उनका लक्ष्य था कि बाकी खेलों की तरह बॉली बिल्डरों को पंजाब स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की तरफ डाइट और फंड दिए जाएं। खली ने कहा कि वे डॉक्टर साहब के दिखाए मार्ग पर ही चल रहे हैं। उनकी तरह ही वे बेहतरीन युवकों को चुनकर डब्ल्यूडब्ल्यूई का प्रशिक्षण दे रहे हैं।