व्यापम घोटाला बेशक मध्य प्रदेश में हुआ हो लेकिन इसकी आंच पंजाब भाजपा तक
पहुंच गई है। पूर्व प्रदेश प्रभारी व सांसद शांता कुमार के राष्ट्रीय
प्रधान अमित शाह को पत्र लिखकर फेसबुक पर पोस्ट करने के बाद विधायक मनोरंजन
कालिया के प्रहार से पंजाब की सियासत गरमा गई है। प्रदेश प्रधान कमल शर्मा
ने कालिया के इस कदम को अनुशासनहीनता बताया है वहीं कालिया ने शनिवार को
प्रदेश प्रधान कमल शर्मा को पत्र लिखकर बाकायदा मीडिया को यह भेजा। कालिया
ने अपने पत्र में कहा कि आपने अपनी बात कहने के लिए मीडिया का सहारा लिया
तो मुझे भी अपनी बात मीडिया के जरिये कहनी पड़ रही है।
कालिया ने यह
दूसरा पत्र लिखा है, जो दो पेजों का है। कालिया ने कमल शर्मा से कहा कि
लगता है, आपने मेरा पत्र ध्यान से नहीं पढ़ा, मैने शांता कुमार पर कोई दोष
नहीं लगाया पर उन्हें तथ्यों की जानकारी दी है। शांता कुमार ने अपना पत्र
प्रधान अमित शाह को लिखकर फेसबुक पर डाला तो मैने (कालिया) भी शांता कुमार
को पत्र लिखकर फेसबुक पर डाल दिया है। कालिया ने शांता कुमार से लोकसभा
चुनावों में पंजाब से फंड एकत्रित करने और स्वामी विवेकानंद अनुसंधान
केंद्र को लेकर सवाल पूछे थे, जिन पर कालिया ने कमल शर्मा से कहा कि वह
इसकी जांच करवा सकते हैं।
कालिया ने कहा कि पार्टी का नियम है, चुनावी
फंड के लिए बैंक खाता खुलवाया जाता है, पंजाब में पिछले तीन साल से जब से
आप (कमल शर्मा) प्रधान है, पार्टी का पूरा फंड व खर्च का आडिट कराया हुआ
है। उन्होंने कहा कि जब आपसे ब्यौरा मांगा जाएगा, आप तत्काल दे देंगे।
कालिया ने कमल शर्मा से यह भी कहा कि मुझे जब भी जरूरत पड़ी मैने आपसे
व्यक्तिगत तौर पर बात कर समाधान किया लेकिन शांता कुमार को पत्र लिखने के
विषय में आपने मीडिया को साधन चुना और मजबूरन मुझे पत्र लिखकर मीडिया से ही
अपनी बात कहने का रास्ता बनाना पड़ रहा है। कालिया ने कहा कि आपसे (कमल
शर्मा) से मेरी प्रार्थना है कि आगे कोई भी बात मेरे से करनी हो तो सीधे
व्यक्तिगत तौर पर की जा सकती है। कालिया ने कमल शर्मा को लिखे पत्र में कहा
कि उनके मन में शांता कुमार के प्रति बेहद आदर है। उन्होंने अमित शाह को
पत्र लिखकर फेसबुक को माध्यम चुना तो मुझे भी अपने मन की बात कहने के लिए
फेसबुक का सहारा लेना पड़ा है।