जालंधर में प्रदर्शन करते ज्वेलर।
- फोटो : अमर उजाला
ज्वेलरों का गुस्सा सोमवार को अपने ही एक साथी दुकानदार पर उतर गया। ज्वेलरों ने उसकी दुकान के बाहर प्रदर्शन कर वहां पर पड़ी कुर्सियों और सामान से भी तोड़फोड़ की। ज्वेलरों ने उक्त दुकानदार की ओर से हड़ताल के बावजूद दुकान खोलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने उक्त दुकानदार के खिलाफ नारेबाजी भी की।
दरअसल सोमवार को फिर से तीन दिवसीय हड़ताल पर गए ज्वेलरों को पता चला कि उनके एक साथी गुजरांवाला ज्वेलर हड़ताल के बावजूद दुकान खोलकर व्यापार कर रहा है। इससे गुस्साए ज्वेलर गुजरांवाला ज्वेलर की दुकान पर इकट्ठा हो गए। हंगामे के दौरान सराफा एसोसिएशन के प्रधान नरेश मल्होत्रा ने ज्वेलर के गार्ड पर दोनाली तानने का आरोप लगा दिया।
इसकी स्वर्णकार एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने थाना चार में शिकायत दे दी है। नरेश मल्होत्रा ने कहा कि सोमवार को सभी ज्वेलरों ने बंद की काल दी थी, लेकिन गुजरांवाला ज्वेलर ने दुकान खोली हुई थी। जब सभी ज्वेलर्स दुकान बंद करवाने गए तो मालिक रमन नेगी उनके साथ गाली-गलौच करने लगे।
यही नहीं इसके बाद तो उनके गार्ड ने दोनाली निकालकर उन पर तान दी। नरेश मल्होत्रा ने रमन नेगी पर आरोप लगाया है कि गनमैन ने उसके कहने पर दोनाली तानी है। जावेरी गुजरांवाला के मालिक रमन नेगी का कहना है कि कुछ युवकों ने उनकी दुकान में आकर तोड़फोड़ की। वह युवक धक्के से उनकी दुकान बंद करवा रहे थे। जब उनके गार्ड ने विरोध किया तो उसकी दोनाली छीन ली। उनका कहना है कि उनके गार्ड ने दोनाली नहीं तानी। सुनारों ने ही उनके गार्ड को पीटा और तोड़फोड़ की।
एसोसिएशन के प्रधान नरेश मल्होत्रा ने कहा कि जावेरी गुजरांवाला के मालिक ने अपने गनमैन के बर्ताव और दुकान खोलने को लेकर माफी मांग ली है। उन्होंने सभी ज्वेलरों के सामने यह इकरार किया है कि वे आगे से कभी हड़ताल के दौरान दुकान नही खोलेंगे व ज्वेलरों के साथ चलेंगे। इसके बाद उन्होंने शिकायत को वापस ले लिया है।