कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने अदालत में ठोस पैरवी का दिया भरोसा
संंवाद न्यूज एजेंसी
फरीदकोट। साल 2015 के बरगाड़ी बेअदबी मामले व उससे जुड़ी बहिबल कलां व कोटकपूरा गोलीकांड की घटनाओं को लेकर 16 दिसंबर 2021 से बहिबल कलां में चल रहा इंसाफ मोर्चा शनिवार को समाप्त कर दिया गया।
इस मौके पर धार्मिक समारोह आयोजित करके मोर्चे की सफलता के लिए संगत का आभार जताया गया और इन घटनाओं में कानूनी लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया गया। समारोह में राज्य सरकार की तरफ से पहुंचे कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने चार्जशीट किए गए आरोपियों को सख्त सजाएं दिलाने के लिए अदालत में ठोस पैरवी करने का भरोसा दिया।
इस मौके पर इंसाफ मोर्चे के नेता व बहिबल गोलीकांड पीड़ित परिवार सदस्य सुखराज सिंह ने कहा कि गोलीकांड की दोनों घटनाओं में एसआईटी द्वारा आरोपियों के खिलाफ अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है और पंजाब हरियाणा उच्च न्यायालय की हिदायत पर दोनों मामलों का फरीदकोट की जिला अदालत में ट्रायल भी शुरू हो गया है। ऐसे में सिख संगठनों व पीड़ित परिवारों ने मोर्चे को समाप्त करने का फैसला किया है। उन्होंने गोलीकांड मामले की जांच टीम के सदस्य रहे पूर्व आईजी व वर्तमान आप विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह पर तीखे हमले बोले और उन पर जांच व केस को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाए। कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि इन घटनाओं को सख्त से सख्त सजाएं दिलवाई जाए और सरकार द्वारा इन मामलों की अदालत में ठोस पैरवी की जाए।
इस मौके पर अमृतसर से विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरबीर सिंह निज्जर, फरीदकोट से विधायक गुरदित्त सिंह सेखों समेत विभिन्न सिख संगठनों के पदाधिकारी भी हाजिर रहे।
फोटो - 23 एफआरडी 1