जालंधर। पंजाब यूटी मुलाजिम एंड पेंशनर्स सांझा फ्रंट पंजाब के आह्वान पर ज्वाइंट एक्शन कमेटी की तरफ से सरकार के खिलाफ शुक्रवार को रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान जालंधर के शहीद-ए-आजम भगत सिंह बस स्टैंड को दो घंटे के लिए बंद कर दिया गया। बस स्टैंड बंद किए जाने के साथ साथ मुलाजिमों ने बस स्टैंड के सामने के फ्लाईओवर को भी जाम कर दिया, जिसके चलते यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ लोग तो इतना परेशान हुए कि उन्हें इस गर्मी में अपना सामान उठाकर पैदल ही पुल के नीचे तक आना पड़ा। इस दौरान ज्वाइंट एक्शन कमेटी सदस्य बस स्टैंड के बाहर निकलने वाले गेट के सामने बैठ गए, जिसके कारण बस स्टैंड से बसें बाहर नहीं आ की। हालांकि कुछ बस ऑपरेटरों ने बसों को बीएमसी चौक के नजदीक खड़ा कर दिया, ताकि वहां से यात्रियों को बसों में बिठाया जा सके।
इस प्रदर्शन दौरान ज्वाइंट एक्शन कमेटी प्रधान सुखजीत सिंह व तीरथ सिंह बासी ने कहा कि कमेटी की तरफ से पे कमीशन, पुरानी पेंशन स्कीम व कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने के लिए पिछले 4 साल से लगातार संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन राज्य सरकार लगातार मुलाजिमों से भेदभाव करती आ रही है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने अपना अड़ियल रवैया न छोड़ा तो मुलाजिम इससे भी तेज संघर्ष करने पर मजबूर हो जाऐंगे।