जालंधर में सीपीएस केडी भंडारी को दुकानों की चाबियां देते ज्वेलर्स।
- फोटो : अमर उजाला
25 दिन से कारोबार बंद कर सड़कों पर बैठे सुनारों की किसी भाजपा विधायक या नेता ने सुध लेना मुनासिब नहीं समझा।
मंगलवार को सुनार अपनी दुकानों की चाबियां लेकर सीपीएस केडी भंडारी की कोठी जा पहुंचे और चाबियां उनके आगे रख दी। भंडारी की कोठी के बाहर सुनारों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
25 दिनों से धरने पर बैठे ज्वेलर्स जब सीपीएस भंडारी के घर पहुंचे तब उनकी नींद टूटी। वह घर से आकर उनकी समस्याएं सुनने लगे। सुनारों ने एक्साइज ड्यूटी का विरोध कर बताया कि किस तरह उन्हें जबरदस्त नुकसान होगा। कई सुनारों ने यह भड़ास निकाली कि जब कांग्रेस का शासनकाल था तो भाजपा ने इसी एक्साइज ड्यूटी का विरोध कर सुनारों का साथ दिया था और आज भाजपा ने ही यह ड्यूटी लगाकर सुनारों के साथ धोखा किया है।
सीपीएस ने आश्वासन दिया कि दो दिन बाद चंडीगढ़ में होने जा रही भाजपा की बैठक में वह इस मामले को उठाएंगे। सुनार उनके साथ चंडीगढ़ चलना चाहते हैं तो वह तैयार हैं। इस मामले में भाजपा हाईकमान से बात कर हल निकाला जाएगा। सुनार करीब 20 मिनट तक सुनार कोठी के बाहर नारेबाजी करते रहे।