ठगी के कारण लुधियाना से कंसलटेंसी बंद कर जालंधर आए, वर्ल्ड मैप से वर्ल्ड वाइड ओवरसीज रख लिया नाम
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। 4 माह में 3 लाख की धोखाधड़ी की शिकार हुई अंबाला (हरियाणा) की छात्रा ने परिवार सहित जालंधर के थाना बारादरी के पास स्थित वर्ल्ड वाइड ओवरसीज के बाहर धरना दिया और पैसे-पासपोर्ट लौटाने की मांग की। जालंधर में बीएससी नर्सिंग कर रही अंबाला की मनप्रीत कौर ने बताया कि उसने मार्च में वर्ल्ड मैप कंसलटेंसी से कनाडा का वर्क परमिट एप्लाई किया था तो ठगों ने उन्हें नकली वीजा थमाकर ठगी की दुकान का नाम बदलकर वर्ल्ड वाइड ओवरसीज रख लिया।
मनप्रीत ने बताया कि 5 लाख की बात हुई थी, उनकी काउंसलिंग नेहा और पूजा ने की, उन्होंने साहिल घई के अकाउंट में एक लाख एडवांस सहित 3 लाख दिए जबकि दो लाख कनाडा पहुंचकर वहां देने थे। पैसे मिलने के बाद एजेंट साहिल एक माह से फोन नहीं उठा रहा था तो वह पिता सुखविंदर सिंह, जिनके खाते से पैसे डाले गए और करीबियों को भी साथ लाई।
मनप्रीत ने बताया कि कुछ दिन पहले एजेंट ने उन्हें वीजा भेजा, साथ ही एंबेसी फीस की रसीद जोकि 22 हजार 500 रुपये है साथ ही 5000 रुपये प्रिंगर प्रिंट के लिए लेकिन फिंगर प्रिंट लिए ही नहीं। एजेंट ने उन्हें एमएमसी नर्सिंग के साथ वर्क परमिट दिलाने की बात कही थी। जब उन्होंने वीजा कनाडा में रह रही सहेली को दिखाया और अन्य लोगों से परामर्श किया तो फर्जी निकला। मनप्रीत ने कहा कि वह थाना बारादरी के एसएचओ से मिले तो उन्होंने सीपी ऑफिस में शिकायत कर मार्क करवाकर लाने को कहा। शिकायत करने के बाद एसएचओ को दी पर वह पूछताछ के लिए अंदर तक नहीं आए। मनप्रीत और उसके पिता सुखविंदर ने पुलिस ने उनके पैसे और पासपोर्ट दिलवाने की गुहार लगाई। मनप्रीत ने आरोप लगाए कि थाना बारादरी की पुलिस वीजा कंसलटेंसी के साथ मिलीभगत कर लोगों को लाखों का चूना लगा रहे हैं।
उधर, इस संबंध में एसीपी सेंट्रल निर्मल सिंह ने कहा कि अगर शिकायत मार्क होकर गई है तो एसएचओ को जांच करनी चाहिए। पुलिस पर लगे मिलीभगत के आरोपों की जांच होगी। मामला उनके ध्यान में आया तो पुलिस को भेज स्टाफ को बाहर निकाल मालिकों से पूछताछ की जा रही है। अगर जांच में आरोप सही पाए गए तो दोषियों पर कार्रवाई होगी।