आज होगा दो विकास परियोजनाओं का उद्घाटन
संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। राज्यसभा सांसद डॉ. अशोक कुमार मित्तल के सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना से शहर में 1.50 करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं का उद्घाटन 17 अक्तूबर को सांसद द्वारा होगा। इनमें दो प्रमुख सामाजिक संस्थाओं की इमारतों का नवीनीकरण और नया निर्माण शामिल है। इससे संबंधित क्षेत्रों के निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
सबसे बड़ी परियोजना रामबाग प्रबंधक कमेटी (रजि.), जालंधर कैंट की है। इस पर 1 करोड़ रुपये से इमारत का नवीनीकरण और नया निर्माण होगा। वहीं, जालंधर मॉडल टाउन सोसायटी (रजि.), मॉडल टाउन की इमारत के नवीनीकरण पर 50 लाख रुपये खर्च होंगे। यह सोसायटी सदस्यों और इलाके के लोगों को सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर स्थान देगी। इन कार्यों से संस्थाओं की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा। स्थानीय निवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा।