सीपी स्वप्न शर्मा ने बताया कि दोनों गैंगस्टरों की थाना सदर के इलाके में मूवमेंट कर इनपुट मिला था। इसके बाद पुलिस ने दोनों का पीछा किया और गांव कंगनीवाल में इनको घेर लिया। इसके बाद दोनों खेतों में घुसकर छुप गए। पुलिस ने एहतियात बरतते हुए खेतों के आसपास का इलाका खाली करवा लिया ताकि किसी आम नागरिक को गोली न लग जाए। पुलिस का घेरा मजबूत होते देख गैंगस्टरों ने फायरिंग शुरू कर दी। दो मुलाजिम गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। एक गैंगस्टर के पैर व दूसरे की कोहनी में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को धर दबोचा।
दोनों गैंगस्टर लगातार बदल रहे थे ठिकाना
जालंधर के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने कहा कि दोनों गैंगस्टर पुलिस से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहे थे। जिस वक्त पुलिस ने उन्हें घेरा, वह कंगनीवाल में तीसरे साथी का इंतजार कर रहे थे। इस एनकाउंटर से जुड़े 2 वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें पुलिस वाले फसल-पेड़ों की आड़ में गैंगस्टरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। दूसरे वीडियो में एक कांस्टेबल गैंगस्टरों पर फायरिंग करता हुआ नजर आ रहा है। यह वीडियो पुलिस मुलाजिमों ने शूट किए हैं।